रामपुर ब्रेकिंग: हेड कॉन्स्टेबल अरुण शुक्ला ने लगाई फांसी, मौके पर पहुंची 'दूसरी पत्नी' का हाई-वोल्टेज ड्रामा
रामपुर ब्रेकिंग: हेड कॉन्स्टेबल ने लगाई फांसी, मौत के बाद 'दूसरी पत्नी' का हाई-वोल्टेज ड्रामा, खुला सनसनीखेज राज!
रामपुर (MSC NEWS NETWORK DESK) — रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ आवास विकास कॉलोनी में किराए पर रहने वाले हेड कॉन्स्टेबल अरुण शुक्ला (40) ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन घटना में असली ट्विस्ट तब आया जब मौके पर पुलिस अधीक्षक (SP) के सामने एक अन्य महिला पुलिसकर्मी रोती-बिलखती पहुँच गई और खुद को मृतक की पत्नी बताने लगी।
दोस्त बुलाने गया, तब खुला दरवाजा
वर्ष 2005 बैच के सिपाही अरुण शुक्ला (मूल रूप से शाहजहांपुर के निवासी) 6 फरवरी 2026 से रामपुर एसपी ऑफिस में तैनात थे। गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनका दोस्त नितिन उन्हें बैडमिंटन खेलने बुलाने गया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने और फोन न उठने पर मकान मालिक की मदद से गेट खोला गया। अंदर बेडरूम में अरुण का शव बेडशीट के सहारे पंखे से लटकता मिला।
मौके पर 'दूसरी पत्नी' का हंगामा और एसपी से सामना
रात करीब 9:30 बजे जब एसपी अनिल सिंह सिसोदिया घटनास्थल का मुआयना कर रहे थे, तभी पीला टॉप पहने और मुरादाबाद में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी वहाँ बदहवास हालत में पहुँची। उसने एसपी से हाथ जोड़कर कहा, "एक बार मुझे ऊपर जाने दो... मैं अरुण की पत्नी हूँ। हमारी आर्य समाज मंदिर में शादी हुई थी।" चूँकि एसपी को अरुण के पहले तलाक केस की जानकारी थी, इसलिए उन्होंने महिला को ऊपर जाने से रोक दिया और उसे पूछताछ के लिए सिविल लाइंस थाने भेज दिया।
क्या है पूरा विवाद? (तलाक और अफेयर)
अरुण की पहली शादी 2012 में सुकीति से हुई थी, जिनसे उनका 11 साल का एक बेटा भी है। पिछले साल दोनों का तलाक हो गया था, जिसके खिलाफ पहली पत्नी ने हाईकोर्ट में अपील की है और सुनवाई जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अरुण का इस दूसरी महिला पुलिसकर्मी से काफी समय से अफेयर था। चर्चा है कि हाल ही में इस महिला का किसी अन्य दारोगा से संपर्क होने को लेकर अरुण और इसके बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद अरुण ने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस का आधिकारिक बयान
अरुण के बड़े भाई अनिल अपनी माँ और बहनों के साथ रामपुर पहुँचे। रात करीब 2:30 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे लेकर वे बरेली रवाना हो गए। एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने बताया: "अरुण के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।"

